सतना। बी.एड विभाग में विभागाध्यक्ष आर.एस. मिश्रा, बी.डी. पटेल, अनिरुद्ध गुप्ता, नरेन्द्र पटेल, विजय पाण्डेय, नीता सिंह गहरवार, शिखा त्रिपाठी, डाॅ. कल्पना मिश्रा, डाॅ. सरिता सिंह, पूर्णिमा सिंह, रानू सोनी की उपस्थिति में डाॅ. राधाकृष्णन को याद करते हुए उनके नैतिक मूल्यों, दर्शन, उनकी विद्वता, प्रशासन, राजनईक कार्यों, देशभक्ति और शिक्षा सास्त्रार्थ पर जानकारी दी गई। विभागाध्यक्ष ने छात्राध्यापकों और छात्राध्यापिकाओं को संबोधित करते हुए डाॅ. राधाकृष्णन कहा करते थे कि शिक्षक को ज्ञान का दीपक बनकर चारों तरफ अपना प्रकाश विकीर्ण करना चाहिए। सादा जीवन उच्च विचार की उक्ति को शिक्षक को अपने जीवन में चरितार्थ करना चाहिये और उसकी ज्ञानगंगा सदा प्रवाहित होती रहनी चाहिये। बी.एड विभागाध्यक्ष ने बताया कि डाॅ. राधाकृष्णन बुद्धिमत्तापूर्ण व्याख्याओं, आनन्ददायी अभिव्यक्तियों और हंसाने गुदगुदाने वाली कहानियों से अपने छात्रों को मंत्रमुग्ध कर दिया करते थे। वे छात्रों को प्रेरित किया करते थे कि वे उच्च नैतिक आचरणों को अपने मूल्यों में उतारें। वे जिस विषय को पढ़ाते थे उस विषय का पहले खुद गंभीर अध्ययन करते थे। दर्शन जैसे गंभीर विषय को भी वे अपनी शैली की नवीनता से सरल और रोचक बना देते थे। वे कहते थे कि विश्वविद्यालय गंगा जमुना के संगम की तरह शिक्षकों और छात्रों के पवित्र संगम हैं। विश्वविद्यालय जानकारी बेंचने की दुकान नहीं हैं, वे ऐसे तीर्थ स्थल हैं जिनमें स्नान करने से व्यक्ति को बुद्धि, इच्छा और भावना का परिस्कार और आचरण का संस्कार होता है। वि.वि. बौद्धिक जीवन के देवालय हैं, उनकी आत्मा है ज्ञान की शोध। वे संस्कृति के तीर्थ और स्वतंत्रता के दुर्ग हैं। उनके अनुसार उच्च शिक्षा का काम है साहित्यकला और व्यापार व्यवसाय को कुशल नेतृत्व उपलब्ध कराना। उसे मस्तिष्क को इस प्रकार प्रशिक्षित करना चाहिये कि मानव ऊर्जा और भौतिक संसाधनामें में सामंजस्य पैदा किया जा सके। उसे मानसिक निर्भयता, उद्देश्य की एकता और मन की एकाग्रता का प्रशिक्षण देना चाहिये। साविद्या या विमुक्तये यानी विद्या वह है जो हमें मुक्त करे। इस मौके पर छात्राध्यापक और छात्राध्यापिकाओं ने गुरुओं का सम्पूर्ण तन्मयता से सम्मान किया।